भीषण कीचड़ और जर्जर मार्ग से परेशान ग्रामीण – ग्राम पंचायत पर लापरवाही का आरोप
बतौली / विकासखंड बतौली के ग्राम भटकों की यादव पारा के मुख्य मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। लगातार बारिश के चलते सड़कों पर गहरा कीचड़ जमा हो गया है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यह मार्ग स्वामी आत्मानंद मिशन स्कूल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रमुख रास्ता है, जहां से होकर ग्रामीणों, विशेषकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को प्रतिदिन आना-जाना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई बार ग्राम पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा कुछ क्षेत्रों में निर्माण के लिए राशि आवंटित की गई, लेकिन जहां सबसे अधिक आवश्यकता थी, वहां अब तक कोई कार्य नहीं हुआ।
इस स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सरपंच सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बरसात के इस भीषण मौसम में स्थिति और गंभीर हो चुकी है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों और बीमार व्यक्तियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
अब देखना यह है कि ग्राम पंचायत इस गंभीर समस्या को लेकर क्या त्वरित और प्रभावी कदम उठाती है, या फिर ग्रामीणों को यूं ही कीचड़ और बदहाल सड़कों के बीच जीवन यापन करना पड़ेगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








