मैनपाट चिंतन शिविर विरोध को लेकर युवा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को पुलिस ने किया नजरबंद
सीतापुर (मैनपाट):
सीतापुर विधानसभा अंतर्गत राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में 7 जुलाई से 9 जुलाई तक भारतीय जनता पार्टी द्वारा चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रीगण शामिल हो रहे हैं।
इस कार्यक्रम को लेकर कुछ दिन पूर्व युवा कांग्रेस सीतापुर विधानसभा द्वारा राज्य सरकार पर वादाखिलाफी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का आरोप लगाते हुए चिंतन शिविर के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं को काला झंडा दिखाकर विरोध करने की घोषणा की गई थी।
इस घोषणा को गंभीरता से लेते हुए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा ऐहतियातन कार्रवाई करते हुए युवा कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारियों — मंटू गुप्ता, अंकुर दास, राहुल गुप्ता, ऋषि राज सिंह एवं अनमोल लकड़ा को शिविर के उद्घाटन से कुछ समय पूर्व गिरफ्तार कर नजरबंद कर दिया गया।
प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से इन नेताओं को अन्यत्र स्थान पर नजरबंद किया है।
इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है, वहीं प्रशासन का कहना है कि चिंतन शिविर के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








