अमर शहीद कृष्णनाथ किंडो की प्रतिमा का सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने किया अनावरण, चौक का नामकरण भी किया गया
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के काराबेल चौक में आज ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब 2017 में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए अमर शहीद कृष्णनाथ किंडो जी की प्रतिमा का अनावरण क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा किया गया। इस अवसर पर शहीद के परिजनों, पुलिस विभाग, भाजपा के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति भावुक कर देने वाली रही।
शहीद कृष्णनाथ किंडो, जो रजौटी मुड़ापारा के निवासी थे, वर्ष 2017 में देश सेवा के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हुए थे। उनके बलिदान को सम्मान दिलाने के लिए परिवार जन वर्षों से प्रयासरत थे। आज आठ वर्षों बाद विधायक रामकुमार टोप्पो के प्रयासों से उन्हें सार्वजनिक सम्मान मिला।
मूर्ति अनावरण कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री टोप्पो ने घोषणा की कि काराबेल चौक का नाम अब “शहीद कृष्णनाथ किंडो चौक” होगा। उन्होंने कहा, “कृष्णनाथ किंडो जी ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की, उनके इस बलिदान पर हमारा क्षेत्र हमेशा गर्व करेगा।”
शहीद की माता अपने बेटे की प्रतिमा देखकर अत्यंत भावुक हो गईं। पूरा परिवार इस सम्मान को लेकर गदगद नजर आया। परिवारजनों ने विधायक श्री रामकुमार टोप्पो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “भले ही देर हुई, लेकिन आज हमारे बेटे को वह सम्मान मिला, जिसका वह हकदार था।”
यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और शहीद की स्मृति को सहेजने का एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








