खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बतौली द्वारा घेरा
बतौली / छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर, राज्य सरकार के विवादित नीतियों के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन के तहत आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, बतौली ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। इस विरोध प्रदर्शन में हज़ारों स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व खाद्य मंत्री श्री अमरजीत भगत ने भाग लिया।
श्री भगत ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि सरकार “युक्तियुक्त कारण” का बहाना बनाकर प्रदेश के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में स्थापित स्कूलों को बंद कर शराब की दुकानों (मधुशालाओं) को खोलने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे समाज के लिए हानिकारक बताते हुए कहा कि वर्षों के प्रयासों से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार और संसाधनों की उपलब्धता संभव हो पाई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस नीति के चलते 10,000 से अधिक स्कूल बंद हो जाएंगे और 45,000 से अधिक शिक्षक प्रभावित होंगे। यह कदम न केवल शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि सामाजिक ढांचे पर भी गंभीर प्रभाव डालेगा।
इस मौके पर सीतापुर विधानसभा प्रभारी श्री लालचंद यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता, प्रदेश सचिव श्री राजकुमार सोनी, पिछड़ा वर्ग ब्लॉक अध्यक्ष श्री ईश्वर सोनी, युवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री अमन गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारियों ने गांधीवादी मूल्यों और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। प्रशासन ने मौके पर उपस्थिति दर्ज कराई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिस बल सहित अधिकारी मौजूद रहें
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








