अंबिकापुर : आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “संविधान बचाओ अभियान” के तहत आज अम्बिकापुर में जिला स्तरीय रैली और सभा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी एस सिंहदेव ने किया। भारी बारिश के बावजूद, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ रैली में भाग लिया।
रैली राजीव भवन से शुरू होकर गांधी चौक पहुंची, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद रैली अम्बेडकर चौक पहुंची, जहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। रैली विवेकानंद चौक पर समाप्त हुई, जहां स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पार्पण किया गया।
सभा में श्री सिंहदेव ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के इस कथन से की, “मैंने सभी धर्मों के मार्ग का उपयोग ब्रह्मा की प्राप्ति के लिए किया है।” उन्होंने भाजपा की संविधान बदलने की मंशा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा और संघ परिवार देश में मनुस्मृति को लागू करने का प्रयास कर रहे हैं, जो लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के खिलाफ है।
सभा को पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने भी संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पर संविधान की भावना के विरुद्ध कार्य करने और देश के निवासियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा राज्यपालों के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के हितों से जुड़े विधेयकों को रोकने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने किया। सभा में अन्य नेताओं जैसे अजय अग्रवाल, द्वितेन्द्र मिश्रा, मधु सिंह, और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी ने भी अपने विचार रखे।
पंडित नेहरू और रामबाई अम्बेडकर को श्रद्धांजलि
आज की रैली और सभा के पूर्व पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि और बाबा साहब अम्बेडकर की पत्नी स्व. रामबाई अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








