

बतौली थाना का प्रभार प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार को, सरगुजा जिले के 14 प्रशिक्षु एसआई को मिली थानों और चौकियों की जिम्मेदारी
25 नवंबर से 25 जनवरी तक संभालेंगे स्वतंत्र प्रभार, फील्ड प्रशिक्षण के दौरान सीखेंगे पुलिसिंग की बारीकियां
सरगुजा। पुलिस विभाग में व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत जिले के 14 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। इनमें प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार को बतौली थाना की जिम्मेदारी दी गई है। यह व्यवस्था 25 नवंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को फील्ड की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने और पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव के साथ पदीय दायित्वों के निर्वहन में दक्ष बनाने के उद्देश्य से यह जिम्मेदारी दी गई है।
जारी आदेश के तहत अनिल कुमार को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अंबिकापुर, भीखम लाल साहू को थाना मणीपुर, हर्ष कुमार को थाना बतौली, शिव कुमार ध्रुव को थाना लुण्ड्रा, विवेक चंद्राकर को चौकी केदमा, डिगेश्वर वर्मा को थाना उदयपुर, महेश कुमार को चौकी केरजू, शशिकांत को चौकी कुन्नी, देव सिंह को थाना धौरपुर, सुषमा मांडवी को महिला थाना, भारतीय मारकंडेय को थाना दरिमा, नरित्ता सोरी को थाना अजाक, आशी झा को थाना लखनपुर तथा अनुराग वर्मा को थाना कमलेश्वरपुर का प्रभार सौंपा गया है।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश देवांगन ने सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने तथा कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
आदेश के अनुसार संबंधित थानों एवं चौकियों में वर्तमान में पदस्थ प्रभारी यथावत बने रहेंगे और प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। साथ ही उनके कार्यों एवं प्रशिक्षण की प्रगति का नियमित मूल्यांकन भी किया जाएगा।
बतौली थाना में अब प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार को स्वतंत्र प्रभार मिलने से आगामी दो माह उनके लिए क्षेत्रीय पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और जनसेवा का व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ










