Search
Close this search box.

बतौली में ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस की कार्रवाई, तीन वाहन चालकों पर ₹44 हजार का जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बतौली में ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस की कार्रवाई, तीन वाहन चालकों पर ₹44 हजार का जुर्माना

शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने के तीन मामले न्यायालय में पेश, बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर भी कार्रवाई

बतौली, सरगुजा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए बतौली पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मामले न्यायालय में प्रस्तुत किए। न्यायालय ने तीनों वाहन चालकों पर कुल 44 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चेकिंग के दौरान पहले मामले में मोटरसाइकिल क्रमांक CG-15-EA-2128 के चालक लल्लू गिरी (40 वर्ष), निवासी बरगीडीह, थाना लुंड्रा को रोककर जांच की गई। जांच एवं चिकित्सकीय परीक्षण में उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिल चला रहे निशांत कुजूर (19 वर्ष), निवासी सुवारपारा, थाना बतौली को रोककर जांच की। चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 182ए(4) एवं 192(1)(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने चालक पर 17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।

इसी तरह तीसरे मामले में बिना नंबर प्लेट और मॉडिफाइड साइलेंसर वाली मोटरसाइकिल चला रहे राकेश तिर्की (20 वर्ष), निवासी सुवारपारा, थाना बतौली को भी जांच के दौरान पकड़ा गया। चिकित्सकीय परीक्षण में शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। न्यायालय ने इस मामले में भी 17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।

इस प्रकार तीनों मामलों में न्यायालय द्वारा कुल 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें