

सड़क निर्माण में लापरवाही से आम जनता परेशान, धूल के गुबार से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो 17 अक्टूबर को केनापारा चौक पर चक्काजाम आंदोलन करेगी छत्तीसगढ़ जनसंकल्प समिति
बतौली, सरगुजा। बतौली-बगीचा सड़क निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान आम जनता का आक्रोश अब सामने आने लगा है। सड़क निर्माण के दौरान नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से सड़क पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों, छात्र-छात्राओं और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क पर उड़ती धूल के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ जनसंकल्प समिति के अध्यक्ष बजरंग कुमार गुप्ता ने 15 अक्टूबर 2026 को सरगुजा कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष ने बताया कि बतौली-बगीचा चौक से बिलासपुर-बोदा होते हुए बगीचा तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क खोदकर नवीन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बतौली आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के लिए प्रमुख आवागमन केंद्र है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और अन्य राहगीर इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद निर्माणाधीन सड़क पर पानी का छिड़काव नहीं होने से धूल उड़ रही है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
रोजाना तीन बार पानी छिड़काव कराने की मांग
छत्तीसगढ़ जनसंकल्प समिति ने प्रशासन से मांग की है कि 16 अक्टूबर 2026 से बतौली से तिरंग चौक तक प्रतिदिन तीन बार पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल से लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।
17 अक्टूबर को चक्काजाम की चेतावनी
समिति ने अपने आवेदन में स्पष्ट किया है कि यदि 16 अक्टूबर से सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव शुरू नहीं कराया गया, तो 17 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे केनापारा चौक पर चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा। समिति ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक सरगुजा एवं थाना प्रभारी बतौली को भी प्रेषित की गई है।
अब देखना होगा कि प्रशासन आम जनता की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और चक्काजाम की स्थिति बनने से पहले सड़क पर पानी के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करता है या नहीं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







