Search
Close this search box.

बतौली में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को FFS ऐप का प्रशिक्षण, अब घर बैठे कटेगा खाद का टोकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

 

बतौली में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को FFS ऐप का प्रशिक्षण, अब घर बैठे कटेगा खाद का टोकन

 

बतौली। किसानों को खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा एफएफएस (FFS) ऐप के उपयोग को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। विकासखंड बतौली स्थित कृषि विभाग कार्यालय में अनुविभागीय अधिकारी कृषि अनीता एक्का की उपस्थिति में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रविश गुप्ता एवं कृषि विकास अधिकारी शैलेंद्र विश्वकर्मा ने सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को एफएफएस ऐप के संचालन एवं उपयोग की जानकारी दी।

 

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि अब किसानों को खाद का टोकन कटवाने के लिए समिति जाने की आवश्यकता नहीं होगी। किसान एफएफएस ऐप के माध्यम से अपने मोबाइल पर घर बैठे ही खाद के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इस टोकन की वैधता तीन दिनों तक रहेगी। इस अवधि के दौरान किसान अपनी सुविधानुसार समिति पहुंचकर खाद प्राप्त कर सकेंगे।

 

इसके साथ ही किसान निजी खाद दुकानों से भी इस ऐप के माध्यम से खाद की अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं तथा अपने सुविधाजनक समय पर खाद प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को खाद लेने के लिए बार-बार दुकानों एवं समितियों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

प्रशिक्षण के दौरान सभी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जाकर किसानों को एफएफएस ऐप की जानकारी दें। साथ ही किसानों के मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करवाकर उन्हें इसके उपयोग, खाद की बुकिंग एवं टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक समझाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

 

कृषि विभाग का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से खाद वितरण की प्रक्रिया को सुगम बनाना तथा किसानों को घर बैठे खाद का टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें