

नमनाकला के ख्रिस्त मिलन आश्रम में दो युवकों पर एयरगन से फायरिंग का आरोप, गड़ासा दिखाकर धमकाने की शिकायत
अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के नमनाकला स्थित ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में दो युवकों पर एयरगन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवकों ने आश्रम के एक फादर पर एयरगन से फायर करने तथा गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने एयरगन जब्त कर आरोपी फादर को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर अपने साथी आजाद सोनकर के साथ ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान संस्था के एक फादर ने दोनों युवकों को देखा और कथित रूप से एयरगन लेकर उनकी ओर आए। युवकों ने बताया कि बंदूक देखकर उन्होंने वहां से भागने का प्रयास किया, तभी फादर ने एयरगन से फायर कर दिया।
फायरिंग में एयरगन के छर्रे आयुष सोनकर के पैर और गले में लगे, जिससे वह घायल हो गया। युवकों का आरोप है कि इसके बाद फादर ने उनके पास पहुंचकर गड़ासा दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित आयुष सोनकर के मुताबिक, वह बचपन से ही इस मैदान में खेलने जाता रहा है। आश्रम के ग्राउंड का आहाता टूटा होने के कारण आसपास के बच्चे भी यहां खेलने पहुंचते हैं।
घटना के बाद दोनों युवकों ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
एयरगन जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने आरोपी फादर को हिरासत में लेकर उसके पास से एयरगन जब्त कर ली है। थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फायरिंग की परिस्थितियों और युवकों द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ









