Search
Close this search box.

उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर की नवीन कार्यकारिणी का गठन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर की नवीन कार्यकारिणी का गठन

तिलकराम भगत बने अध्यक्ष, अंकित तिर्की को सचिव की जिम्मेदारी

सीतापुर। उरांव समाज पड़हा व्यवस्था सीतापुर (कार्यक्षेत्र—सीतापुर, बतौली एवं मैनपाट विकासखंड) की नवीन कार्यकारिणी का गठन रविवार को सर्वसम्मति से किया गया। चुनाव प्रक्रिया में राजी पड़हा के कहतो (न्यायाधीश) सुखदेव राम भगत, पादा पड़हा बेल (प्रदेश अध्यक्ष) गिरधर भगत एवं मूली पड़हा अंबिकापुर के देवान (सचिव) उमेश भगत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन रामकेश्वर राम भगत ने किया। इस अवसर पर समाज की एकजुटता, पारंपरिक रीति-रिवाज, संस्कृति एवं जल-जंगल-जमीन के संरक्षण सहित समाज के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

युवा शक्ति को आगे लाने की जरूरत

कार्यक्रम में मूली पड़हा अंबिकापुर के देवान उमेश भगत ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के विकास के लिए युवा शक्ति को आगे आना जरूरी है। नवीन कार्यकारिणी में युवाओं को जिम्मेदारी देकर समाजहित में कार्य करने का अवसर देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि ठान ले तो समाज की अनेक चुनौतियों का बेहतर ढंग से समाधान किया जा सकता है।

समाज के लिए कार्यालय का निर्माण महत्वपूर्ण उपलब्धि

प्रदेश अध्यक्ष गिरधर भगत ने कहा कि सीतापुर में उरांव समाज को एकजुट बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। समाज की रीति-रिवाज एवं संस्कृति से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि सीतापुर उरांव समाज का भव्य कार्यालय भी बनकर तैयार हो चुका है। यह कार्यालय समाज को संगठित करने तथा समाजहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए उपयोगी साबित होगा।

संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर

मुख्य अतिथि सुखदेव राम भगत ने कहा कि समाज को अपनी संस्कृति, मूल रूढ़ि-प्रथा, रीति-रिवाज, पूजा पद्धति तथा भाषा-बोली को संरक्षित रखने के लिए मिलकर काम करना होगा। नवीन पदाधिकारियों पर समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आज जल, जंगल और जमीन का संरक्षण बड़ी चुनौती है। समाज यदि संगठित और एकजुट रहेगा तो प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।

इसके पश्चात नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई। तिलकराम भगत को बेल (अध्यक्ष), अंकित तिर्की को देवान (सचिव), धरमू बघेल को रकम उरबस (कोषाध्यक्ष), जयराम भगत को कहतो (न्यायाधीश) तथा जगे राम भगत को बैगा चुना गया।

नवीन कार्यकारिणी

बेल (अध्यक्ष) — श्री तिलकराम भगत

उप बेल — श्री अनिल केहरी

देवान (सचिव) — श्री अंकित तिर्की

उप देवान — श्री मनेश्वर एक्का, श्री सूरज बघेल

रकम उरबस — श्री धरमू बघेल

उप रकम उरबस — श्रीमती सुशीला भगत

कहतो — श्री जयराम भगत

उप कहतो — श्री अंगद किशोर

कोटवार — श्री हरिहर सोनमनी

उप कोटवार — श्री रूपन राम, श्री निरंजन तिग्गा

बैगा — श्री जगे राम भगत

सहायक बैगा — श्री कमल पण्डा

पंच:

सूरजन भगत, समल कुजूर, तेजबली बड़ा, सुखन बेक, राजेश्वर भगत, रामध्यान, संजय भगत, सुरेंद्र भगत, करमचन्द केहरी, मोहन सिंह, बालेश्वर राम एवं बसंत राम भगत।

सलाहकार:

अध्यक्ष—श्री शोभन राम, श्री बन्देराम बैरागी, श्री रामकेश्वर राम भगत, श्री बैजनाथ, श्री धनीराम, श्री दयाराम, श्री घासीराम एवं श्री हरि राम।

संरक्षक:

श्री नागेश्वर राम, श्री फिटर भगत, श्री मदन राम, श्री महेश्वर केहरी, श्री बालेश्वर राम, श्री बादोराम एवं श्री राय राम बेक।

कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष तिलकराम भगत ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। नवीन कार्यकारिणी के गठन के अवसर पर सीतापुर, बतौली एवं मैनपाट क्षेत्र से बड़ी संख्या में उरांव समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें