

सीतापुर के एक करोड़ रुपये के आभूषण उठाईगिरी मामले में एक और आरोपी गंजाम, ओडिशा से गिरफ्तार
पूर्व में 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण किए जा चुके हैं बरामद, आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद जब्त
अंबिकापुर। थाना सीतापुर क्षेत्र में व्यवसायी के आभूषण से भरे बैग की उठाईगिरी कर करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने मामले में शामिल एक आरोपी को गंजाम, ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज श्री दीपक कुमार झा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल एवं एसडीओपी सीतापुर श्री तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही थी।
दुकान खोलते समय स्कूटी से उठाया था आभूषणों से भरा बैग
मामले के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को प्रार्थी अरूणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित है। सुबह करीब 11:30 बजे वे स्कूटी से ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान पहुंचे थे। स्कूटी में बैग रखकर दुकान का शटर खोलने के दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कई राज्यों तक पहुंचा आरोपियों का रूट
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यवसायी के आभूषणों से भरे बैग को लेकर भागते हुए दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट को फॉलो किया। आरोपियों की गतिविधियां सरगुजा के ग्राम गेरसा से लेकर जशपुर जिले के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य स्थानों तक सामने आईं।
तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद संदिग्धों की पहचान चंटी दास निवासी सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा तथा दास नागेश्वर निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा/आस्का क्षेत्र, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई।
10 दिनों तक ओडिशा में चला सर्च ऑपरेशन
साइबर सेल अंबिकापुर एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी चंटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश दी। घर में ताला लगा मिला। विधिवत तलाशी के दौरान आरोपी के घर से सीतापुर में चोरी किए गए 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 43 लाख रुपये, तथा 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, बरामद किए गए थे।
दास नागेश्वर गिरफ्तार, गिरोह बनाकर वारदात करना स्वीकार
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान संयुक्त पुलिस टीम ने गंजाम, ओडिशा से आरोपी दास नागेश्वर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दास नागेश्वर पिता दास नारायणी, उम्र 45 वर्ष, निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आस्का, जिला गंजाम, ओडिशा बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी के विरुद्ध प्रकरण में धारा 111(2) एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
आरोपी के खिलाफ पूर्व से कई अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी दास नागेश्वर का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। आईसीजेएस पोर्टल पर जांच के दौरान उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में ओडिशा के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम तथा चोरी एवं लूट से संबंधित अपराध दर्ज होना पाया गया है। पुलिस ने आरोपी को आदतन अपराधी प्रवृत्ति का बताया है।
मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
पूरी कार्रवाई में साइबर सेल अंबिकापुर से प्रभारी साइबर सेल सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह एवं अमन पुरी तथा थाना सीतापुर से सहायक उप निरीक्षक डेविड मिंज, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा एवं आरक्षक निर्मल तिग्गा की सक्रिय भूमिका रही।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ











