हर घर तिरंगा अभियान को लेकर समलाया मंडल की बैठक संपन्न
शक्तिकेंद्रों को वितरित किए गए तिरंगा झंडे, तिरंगा यात्रा को सफल बनाने कार्यकर्ताओं से किया गया आह्वान
अम्बिकापुर। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा जिला के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा अभियान एवं तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से समलाया मंडल की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान समलाया मंडल के प्रत्येक शक्तिकेंद्र को तिरंगा झंडों के बंडल वितरित किए गए। कार्यकर्ताओं द्वारा इन झंडों को बूथ स्तर पर घर-घर पहुंचाकर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनअभियान का स्वरूप देते हुए प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ने तथा तिरंगा यात्रा को व्यापक एवं सफल बनाने की अपील की।
मंडल प्रभारी डॉ. अंबिकेश केशरी ने कहा कि शक्तिकेंद्र से लेकर बूथ स्तर तक अभियान की प्रभावी तैयारी सुनिश्चित की जाए। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें और तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने समलाया मंडल के सभी पार्षद, छाया पार्षद, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री, शक्तिकेंद्र प्रभारी, संयोजक-सहसंयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं BLA-2 सहित सभी कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा तिरंगा यात्रा को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री अजय सोनी ने किया, जबकि सर्वेश तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अरुणा सिंह, निश्चल प्रताप सिंह, रूपेश दुबे, अभिषेक शर्मा, अवधेश सोनकर, अभिषेक सिंह देव, अजय सोनी, सर्वेश तिवारी, शालिनी सिंह, शैलेंद्र शर्मा, आलोक दास सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







