Search
Close this search box.

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, सरगुजा संभाग में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर, 18 जुलाई। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिक गायत्रीवाणी कांचीभोटला के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से लगे उत्तर ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल के ऊपर बने निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं। वर्तमान में यह प्रणाली कमजोर होकर लो प्रेशर एरिया के रूप में सक्रिय है, लेकिन इसके प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना बनी रहेगी।

पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 276 मिमी वर्षा बिलासपुर संभाग में दर्ज की गई, जबकि रायपुर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर अगले चार-पांच दिनों तक भारी वर्षा की संभावना है।

सरगुजा संभाग में अलर्ट

मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा नहीं करने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

अगले 24 घंटे का अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले।

येलो अलर्ट: सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर, कोंडागांव एवं कांकेर जिले।

अगले 48 घंटे का अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: बिलासपुर, सक्ती, मुंगेली, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग एवं बेमेतरा जिले।

येलो अलर्ट: सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद एवं कबीरधाम जिले।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने, भारी वर्षा के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें