Search
Close this search box.

तत्काल वैकल्पिक डायवर्सन बनाकर बतौली-करदना मार्ग पर आवागमन बहाल, पांच गांवों को मिली राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तत्काल वैकल्पिक डायवर्सन बनाकर बतौली-करदना मार्ग पर आवागमन बहाल, पांच गांवों को मिली राहत

बतौली (सरगुजा), 7 जुलाई। बतौली से करदना पहुंच मार्ग पर सोमवार की मूसलाधार बारिश के कारण बह गया डायवर्सन मार्ग संबंधित विभाग ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर पुनः चालू करा दिया है। निर्माणाधीन पुलियाओं के समीप पाइप डालकर नया डायवर्सन तैयार किया गया, जिससे पांच गांवों का बतौली मुख्यालय से संपर्क फिर से बहाल हो गया है।

गौरतलब है कि निर्माणाधीन तीन पुलियाओं के कारण ठेकेदार द्वारा अस्थायी मिट्टी का डायवर्सन बनाया गया था। लगातार हुई भारी बारिश और तेज बहाव के कारण यह डायवर्सन बह गया, जिससे करदना, कदनई, लोटा भावना, झोजा और लैगु सहित आसपास के ग्रामीणों का मुख्यालय से संपर्क टूट गया था। इससे स्कूली छात्र-छात्राओं, मरीजों, किसानों तथा तहसील, थाना और जनपद कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन तीनों पुलियाओं के समीप पाइप डालकर नया वैकल्पिक डायवर्सन तैयार कराया। इसके बाद मार्ग पर आवागमन पुनः शुरू हो गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जिला कार्यपालन अभियंता विकास कौशिक ने बताया कि मार्ग पर आवागमन सुचारु कर दिया गया है। निर्माणाधीन पुलियाओं के समीप अस्थायी वैकल्पिक डायवर्सन बनाया गया है, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही ठेकेदार को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिया निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें