Search
Close this search box.

शिक्षा विभाग में संलग्न शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षा विभाग में संलग्न शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त करने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने जिला कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अम्बिकापुर एवं अधीनस्थ विकासखण्ड शिक्षा कार्यालयों में वर्षों से संलग्न शिक्षकों एवं कर्मचारियों को तत्काल उनके मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यमुक्त किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा 23 जून 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि जिला एवं विकासखण्ड शिक्षा कार्यालयों में संलग्न शिक्षकों और कर्मचारियों को तत्काल उनके मूल विद्यालयों में भेजा जाए। इसके बावजूद सरगुजा जिले में अब तक इस संबंध में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

परवेज़ आलम गांधी ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अम्बिकापुर में स्वीकृत पदों की तुलना में बड़ी संख्या में अतिरिक्त शिक्षक एवं कर्मचारी संलग्न हैं। उनका दावा है कि इससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी उत्पन्न हो रही है तथा बिना शैक्षणिक कार्य कराए वेतन भुगतान होने से शासन को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से कार्यालय के वित्तीय एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। ज्ञापन में इन आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।

परवेज़ आलम गांधी ने कलेक्टर से आग्रह किया कि शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अम्बिकापुर सहित विकासखण्ड शिक्षा कार्यालयों में संलग्न सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को तत्काल उनके मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यमुक्त किया जाए, ताकि विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ हो सके और शासन के आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें