ब्रेकिंग: सरगुजा में बड़ा CLF घोटाला, 23.60 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप
अंबिकापुर, 13 अप्रैल 2026।जिले के उदयपुर ब्लॉक अंतर्गत जय मां भारती क्लस्टर संगठन (CLF) में बड़े वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। संगठन के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष द्वारा जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए क्लस्टर लेखापाल सविता सिंह एवं एरिया कोऑर्डिनेटर जूही सबा पर 23 लाख 60 हजार 360 रुपये की हेराफेरी का गंभीर आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, 19 मार्च 2026 को आयोजित सीएलएफ बैठक में कैडर सदस्यों द्वारा लेखा-जोखा मांगे जाने पर संबंधित पदाधिकारियों ने तीन दिन में जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, किंतु अब तक कोई विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया। आरोप है कि जांच के लिए मांगे गए सीएलएफ रजिस्टर, बैंक पासबुक एवं अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें गुमराह कर सीएलएफ खाते से अनियमित निकासी की गई। साथ ही, सीएलएफ की आधिकारिक सील भी संबंधित आरोपियों द्वारा अपने पास रखी गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कैडर सदस्यों के मानदेय में कटौती कर राशि सविता सिंह एवं रीना सिंह के बैंक खातों में जमा कर निकाली गई।
इसके अतिरिक्त, लेखापाल सविता सिंह द्वारा कोषाध्यक्ष के खाते से एरिया कोऑर्डिनेटर जूही सबा के नाम 1 लाख 50 हजार रुपये का ट्रांसफर कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है। जिला स्तर से जांच टीम के निरीक्षण के दौरान भी एरिया कोऑर्डिनेटर द्वारा आरोपों से इंकार करते हुए मामले को दबाने का प्रयास किए जाने की बात कही गई है।
पदाधिकारियों की प्रमुख मांगें:
सविता सिंह, रीना सिंह एवं जूही सबा के बैंक खातों की तत्काल जांच कराई जाए।
पूरे मामले का लेखा परीक्षण कर गबन की गई राशि की वसूली सुनिश्चित की जाए।
संबंधित लेखापाल एवं एरिया कोऑर्डिनेटर को उदयपुर ब्लॉक से तत्काल हटाया जाए।
नियम-विरुद्ध कार्यों के लिए दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
शिकायत पत्र पर अध्यक्ष समीटा सिंह, सचिव मीना गोमती एवं कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायत सीईओ को भी प्रेषित की गई है।
पदाधिकारियों ने कहा कि “यह गरीब महिलाओं की मेहनत की कमाई का मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








