सुने मकान में चोरी का मामला, विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार, लगभग 02 लाख का मशरूका जप्त
बतौली / थाना बतौली पुलिस टीम द्वारा सुने मकान में चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से नगद राशि एवं सोने के आभूषण सहित लगभग 02 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया भिनसारी मिंज निवासी पोपरेंगा कुड़ोपारा, थाना बतौली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 17/03/2026 को वह एवं उनके पति घर में ताला लगाकर खेत में पानी पटाने एवं बैल चराने गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी एवं बक्से का ताला तोड़ते हुए लगभग 1,00,000/- रुपये नगद चोरी कर लिए गए।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रार्थिया के पति द्वारा आसपास के लोगों को सूचित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक संदिग्ध लड़के को घर की ओर से जाते हुए देखा। संदेह के आधार पर ग्रामीणों द्वारा उसका पीछा कर पकड़ लिया गया, जिसके पास से 1,03,100/- रुपये नगद एवं सोने का लोकेट व टाप बरामद हुआ।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध क्रमांक 39/26 धारा 331(3), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने उक्त चोरी की घटना को स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से नगद 1,03,100/- रुपये एवं सोने के आभूषण जप्त कर कुल मशरूका लगभग 02 लाख रुपये बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने थाना सीतापुर क्षेत्र में भी चोरी की घटना करना स्वीकार किया है, जिस पर संबंधित थाना द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर तथा आरक्षक राजू कुजूर, राजेश खलखो, जोगी बड़ा, राकेश एक्का, भगलू राम एवं संतोष की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस द्वारा चोरी जैसे अपराधों पर लगातार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








