Search
Close this search box.

भ्रष्टाचार पर भारी पड़ रहा सीतापुर विधायक का हथौड़ा, गुणवत्ता हीन निर्माण पर सख्त कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भ्रष्टाचार पर भारी पड़ रहा सीतापुर विधायक का हथौड़ा, गुणवत्ता हीन निर्माण पर सख्त कार्रवाई

सीतापुर / सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। इसी क्रम में आज विधायक श्री टोप्पो मैनपाट ब्लॉक के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को तोड़कर पुनः निर्माण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक श्री टोप्पो ग्राम करमहा पहुंचे, जहां सड़क किनारे बन रहे रिटर्निंग वॉल का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर उन्होंने मौके पर ही कार्य को ध्वस्त कर पुनः गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके पश्चात विधायक श्री टोप्पो ने करमहा में ही नव निर्मित पुल का निरीक्षण किया। पुल निर्माण में भी गुणवत्ता संबंधी खामियां मिलने पर उन्होंने तत्काल पुल को तोड़कर पुनः निर्माण करने के निर्देश जारी किए। विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि क्षेत्र के विकास में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधायक द्वारा गुणवत्ता हीन निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाई से यह संकेत मिल रहा है कि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जहां भी भ्रष्टाचार अथवा निर्माण में अनियमितता पाए जाने की शिकायत मिलेगी, वहां कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दौरे के दौरान विधायक श्री टोप्पो मैनपाट के ग्राम असंगवा एवं सुगापानी भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रस्तावित उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस सुदूर क्षेत्र में पहली बार कोई विधायक पहुंचा है। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक श्री टोप्पो ने शुद्ध पेयजल, विद्युत व्यवस्था, आवागमन के लिए सुदृढ़ सड़क, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मैनपाट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक श्री टोप्पो ने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे विकास कार्यों की निगरानी करें तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें