Search
Close this search box.

कुबेरपुर प्राथमिक शाला में “स्वच्छता पखवाड़ा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छता हर एक की पहली और प्राथमिक जिम्मेदारी : हिमांशु सोनी

कुबेरपुर प्राथमिक शाला में “स्वच्छता पखवाड़ा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन

सरगुजा। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा सरगुजा जिले के ग्राम कुबेरपुर स्थित प्राथमिक शाला में “स्वच्छता पखवाड़ा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्री सर्वजीत पाठक, संकुल प्रभारी श्री तेजभान कुजूर, शाला की प्रधान पाठिका श्रीमती उमा सिन्हा, उप सरपंच श्री पिंटू पांडेय, सरपंच श्रीमती अनीता कुजूर, शिक्षिकाएँ गीता मिश्रा, पम्मी सिंह, श्री नरेश चंद्र कुशवाहा, एसएमसी सदस्य श्री रामदीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ की गई। कार्यालय प्रभारी श्री हिमांशु सोनी ने उपस्थित सभी बच्चों को भारत को स्वच्छ बनाने एवं स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर श्री सोनी ने कहा कि “स्वच्छता हर व्यक्ति की पहली और प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। स्वच्छता उतनी ही आवश्यक है जितना भोजन और पानी। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता को अपनाना अनिवार्य है, और बचपन इस आदत को विकसित करने का सबसे अच्छा समय होता है।”

प्रधान पाठिका श्रीमती उमा सिन्हा ने कहा कि साफ-सफाई एक अच्छी आदत होने के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण और आदर्श जीवनशैली की आधारशिला है। इसकी शुरुआत घर, स्कूल, समुदाय और संस्थानों से होनी चाहिए, ताकि देश में व्यापक स्तर पर स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती मिले।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने सुंदर चित्रों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई तथा वृक्षारोपण भी किया गया।

स्वच्छता जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के लिए विद्यालय से ग्राम भ्रमण तक स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसमें

“हमने ये ठाना है – स्वच्छता को अपनाना है”

“स्वच्छ भारत – अपना भारत”

जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा।

इस अवसर पर रागिनी कलाकार समूह द्वारा स्वच्छता पर आधारित गीत, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ली। साथ ही स्वच्छता पखवाड़ा सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया, जहाँ छात्रों ने स्वच्छता संदेशों के साथ फोटो लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से डिजिटल प्रचार किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला बताया। अंत में स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें