आईजी सरगुजा रेंज द्वारा कॉलर बैच लगाकर आईपीएस राजेश कुमार अग्रवाल को पदोन्नति प्रदान
सरगुजा | दिनांक 23 जनवरी 2026 राज्य सरकार द्वारा दिनांक 23 जनवरी 2026 को भारतीय पुलिस सेवा के आवंटन वर्ष 2012 के अधिकारियों को आवंटन वर्ष से 14 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर मैट्रिक्स लेवल-13 के वेतनमान में पदोन्नति प्रदान की गई है। इस क्रम में राज्य के कुल 08 आईपीएस अधिकारियों को यह पदोन्नति दी गई है।
उक्त क्रम में सरगुजा जिले में पदस्थ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस श्री राजेश कुमार अग्रवाल को आईजी सरगुजा रेंज श्री दीपक झा (भा.पु.से.) द्वारा कॉलर बैच लगाकर पदोन्नति प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि आईपीएस श्री राजेश कुमार अग्रवाल वर्तमान में सरगुजा जिले में एसएसपी के पद पर पदस्थ हैं। उनके कार्यकाल में जिले में अपराधों की रोकथाम, त्वरित निराकरण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी श्री राजेश कुमार अग्रवाल पूर्व में रायगढ़, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर एवं कवर्धा जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उनका कार्यकाल अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली माना जाता है।
उनकी सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पूर्व में भारत के राष्ट्रपति द्वारा सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। श्री अग्रवाल अपराधियों के प्रति सख्त तथा आम जनता के प्रति सौम्य और संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते हैं।
उनके नेतृत्व एवं कुशल मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस द्वारा कई गंभीर एवं जटिल मामलों का चंद घंटों में सफल खुलासा किया गया है। साथ ही जिले में कानून व्यवस्था में सुधार, अपराधों की रोकथाम, सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण एवं गंभीर अपराधों पर कठोर कार्रवाई की गई है।
सरगुजा पुलिस को उनके पदोन्नति पर गर्व है एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








