Search
Close this search box.

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा का किया औचक निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा का किया औचक निरीक्षण

“सरगुजा 30“ कक्षाओं का निरीक्षण कर आगामी सत्र से 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाकर 50-50 करने दिए निर्देश

घुमन्तु बालिका छात्रावास गंगापुर एवं घुमन्तु बालक छात्रावास गांधीनगर का लिया जायजा, देखी व्यवस्था

 

अंबिकापुर 15 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल के साथ जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य का जायजा लेने विभिन्न संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान घुमन्तु बालिका छात्रावास गंगापुर एवं घुमन्तु बालक छात्रावास गांधीनगर का भी निरीक्षण कर बच्चों हेतु सुविधाओं का अवलोकन किया।

 

शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा निरीक्षण-

कलेक्टर श्री वसंत सर्वप्रथम स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा का पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समस्त विभागों, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, लैब, फिजियोथेरेपी, किमोथेरेपी, टीकाकरण, आईपीडी, सोनोग्राफी, स्पर्श क्लिनिक (मनोरोग) एवं सिकलिंग कक्ष आदि का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने आगामी 2 माह में केंद्र में ऑपरेशन थिएटर शुरू किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कहा कि केंद्र में विभाग से संबंधित बेनर फ्लैक्स, बोर्ड आदि बनवाकर सभी विभागों में लगाया जाए। सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर उपस्थित हों, मरीजों को असुविधा ना हो इसका ध्यान रखें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने मरीजों से बात कर केंद्र की व्यवस्था तथा मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया।

 

“सरगुजा 30“ कक्षाओं का किया निरीक्षण-

कलेक्टर श्री वसंत ने जिले के मल्टीपरपज स्कूल में संचालित “सरगुजा 30“ कक्षाओं का निरीक्षण कर बच्चों हेतु व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत कर मन लगाकर पढ़ने प्रोत्साहित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आगामी सत्र के लिये कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाकर 50-50 करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन्हीं बच्चों में से चयनित विद्यार्थियों को NEET एवं JEE की परिक्षाओं की तैयारी के लिये जिला प्रशासन द्वारा रायपुर के अच्छे कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाकर तैयारी करायी जाएगी। उन्होंने आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर पूर्व तैयारी करने निर्देश दिए।

 

घुमन्तु बालिका छात्रावास गंगापुर एवं घुमन्तु बालक छात्रावास गांधीनगर पहुंचकर देखी व्यवस्था-

कलेक्टर श्री वसंत ने समग्र शिक्षा अन्तर्गत संचालित नई दिशा घुमन्तु बालिका छात्रावास गंगापुर एवं घुमन्तु बालक छात्रावास गांधीनगर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने छात्रावास परिसर एवं शयनकक्ष का अवलोकन किया तथा बच्चों हेतु व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली तथा कहा कि बच्चों को अच्छी सुविधा मिले, किसी प्रकार की समस्या ना हो। जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा को छात्रावासों के गुणवत्तापूर्ण संचालन हेतु निर्देशित किया तथा सभी व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें