Search
Close this search box.

बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कमान एक बार फिर प्रदीप गुप्ता के हाथों में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कमान एक बार फिर प्रदीप गुप्ता के हाथों में

कार्यकर्ताओं में उत्साह, संगठन को मिलेगा नया संबल

बतौली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष पद एक बार फिर प्रदीप गुप्ता को सौंपा गया है। कांग्रेस आलाकमान द्वारा उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता एवं कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत समन्वय को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रदीप गुप्ता इससे पूर्व भी बतौली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं और उनके कार्यकाल के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर मजबूती देखने को मिली थी। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया तथा विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के दौरान संगठन को सक्रिय भूमिका में रखा।

पुनः नियुक्ति की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी आगामी समय में ब्लॉक स्तर पर और अधिक सशक्त होकर जनता की समस्याओं को मुखरता से उठाएगी।

इस अवसर पर प्रदीप गुप्ता ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना और आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों एवं आदिवासियों से जुड़े मुद्दों से जूझ रही है, और कांग्रेस पार्टी इन सभी विषयों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

प्रदीप गुप्ता की पुनः नियुक्ति को संगठन में स्थिरता और मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को बतौली ब्लॉक में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें