छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट बना सैलानियों का पसंदीदा ठिकाना
कड़ाके की ठंड, कोहरा और ‘पाल’ की सफेद चादर से ढका मैनपाट
मैनपाट | जनवरी 2026 / छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाला मैनपाट इन दिनों कड़ाके की ठंड और मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य के कारण सैलानियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। क्षेत्र में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह के समय घासों पर सफेद चादर जैसी जमने वाली पाल मैनपाट की खूबसूरती में चार चांद लगा रही है।
ठंड का असर इतना अधिक है कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं कोहरे और धुंध के कारण वाहनों के आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिमला जैसी ठंड का आनंद लेने के लिए मैनपाट में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फिश प्वाइंट, टाइगर प्वाइंट सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सैलानी भ्रमण करते हुए नजर आ रहे हैं। पर्यटन स्थलों पर इन दिनों खासा चहल-पहल का माहौल बना हुआ है।
मैनपाट में पड़ रही भीषण ठंड को देखते हुए सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने स्थानीय नागरिकों एवं यहां आने वाले सैलानियों से अपील की है कि वे छत्तीसगढ़ के शिमला में पड़ रही कड़ाके की ठंड का आनंद तो लें, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से गर्म कपड़ों का उपयोग अवश्य करें। साथ ही यात्रा के दौरान सावधानी बरतें एवं रात्रि विश्राम के लिए सुरक्षित एवं उचित स्थानों का चयन करें।
वर्तमान में मैनपाट में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ पर्यटन का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। दूर-दूर से सैलानी यहां प्राकृतिक सौंदर्य और ठंड का अनुभव लेने पहुंच रहे हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








