समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र बतौली की पहल से अनिता किसपोट्टा को मिला प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का क्लेम
बतौली, जिला सरगुजा (छ.ग.)। समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र, थाना रोड बतौली की सक्रिय पहल से ग्राम पंचायत बतौली बीजापारा निवासी श्रीमती अनिता किसपोट्टा को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये का बीमा क्लेम प्राप्त हुआ है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती अनिता किसपोट्टा के पति स्व. श्री राजकुमार किसपोट्टा का निधन दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को पीलिया बीमारी के कारण हो गया था। स्व. श्री राजकुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के पश्चात श्रीमती अनिता किसपोट्टा पर अपने दो स्कूली बच्चों सहित पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी आ गई, जिससे वे अत्यंत आर्थिक और मानसिक संकट में आ गई थीं।
स्व. श्री राजकुमार किसपोट्टा द्वारा पूर्व में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराया गया था, किंतु इसकी जानकारी उनकी पत्नी को नहीं थी। ग्राम की कुछ महिलाओं के माध्यम से श्रीमती अनिता को समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र, बतौली के कार्यों की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने केंद्र से संपर्क किया।
समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र के परामर्शदाताओं—
श्री लक्ष्मण दास (बतौली),
श्रीमती साहिदा बेगम (लुंड्रा),
श्रीमती रितुमती पैंकरा (सीतापुर),
श्रीमती पूनम शर्मा (केंद्र प्रभारी)
तथा श्री दुर्गा प्रसाद शर्मा (क्षेत्रीय अधिकारी, सरगुजा संभाग)
के मार्गदर्शन में, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जिला अग्रणी अधिकारी श्री दीपेंद्र यादव के दिशा-निर्देशानुसार बीमा क्लेम की संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
खाते की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बीमा खाते की नामिनी स्वयं श्रीमती अनिता किसपोट्टा थीं। परिणामस्वरूप दिनांक 11 नवंबर 2025 को उनके खाते में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 2,00,000 रुपये की राशि सफलतापूर्वक जमा की गई। समर्पित वित्तीय साक्षरता केंद्र द्वारा श्रीमती अनिता किसपोट्टा को प्राप्त बीमा राशि के विवेकपूर्ण उपयोग, निवेश के विविधीकरण एवं भविष्य की बचत के संबंध में आवश्यक वित्तीय परामर्श भी दिया गया, जिससे वे अपने तथा अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य का निर्माण कर सकें।यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता, बीमा जागरूकता एवं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








