धान खरीदी केंद्रों की क्षमता बढ़ाने व अव्यवस्थाएं दूर करने को लेकर खाद्य मंत्री से हुई चर्चा – किसानों को मिले शीघ्र राहत : विधायक रामकुमार टोप्पो
सीतापुर, छत्तीसगढ़।
छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों के धान की खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ होकर 31 जनवरी तक संचालित की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा किसानों से समर्थन मूल्य ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। वर्तमान में बड़ी संख्या में किसान अपनी पैदावार लेकर धान खरीदी केंद्रों में पहुंच रहे हैं।
इसी क्रम में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के किसानों को हो रही परेशानियों को देखते हुए विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयालदास बघेल से चर्चा कर धान खरीदी केंद्रों की प्रतिदिन निर्धारित खरीदी क्षमता बढ़ाने की मांग की। विधायक जी ने बताया कि वर्तमान में केंद्रों में प्रतिदिन तय की गई धान खरीदी की सीमा कम होने के कारण किसान अपनी पूरी उपज नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक श्री टोप्पो ने मंत्री जी से आग्रह किया कि यदि धान खरीदी केंद्रों की प्रतिदिन की लिमिट को दुगुना किया जाए तो क्षेत्र के किसान आसानी से अपनी पैदावार विक्रय कर सकेंगे और उनकी समस्याओं में काफी कमी आएगी।
इसके साथ ही विधायक जी ने धान खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था एवं कमियों को लेकर संबंधित विभाग के सचिव से भी मुलाकात कर अपनी बात रखी। अधिकारियों द्वारा जब यह कहा गया कि व्यवस्था सुनियोजित रूप से संचालित हो रही है, तब विधायक जी ने कड़े शब्दों में कहा कि ग्राउंड लेवल पर जाकर निरीक्षण करने से कई खामियां स्पष्ट रूप से सामने आएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं केंद्रों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लें और पाई जाने वाली कमियों को तत्काल दूर करें।
विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने कहा कि धान विक्रय हेतु केंद्रों में पहुंचने वाले किसान भाइयों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। किसानों की समस्याओं का समाधान करना और उनकी तकलीफें दूर करना ही हमारी प्राथमिकता है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








