फेसबुक की मोहब्बत में आशिक ने लुटाए 8 लाख — दुर्घटना के बाद टूटा रिश्ता, साइबर थाने की शरण में पहुंचा पीड़ित युवक
बसना (महासमुंद) सोशल मीडिया के दौर में प्यार और ठगी का संगम लगातार नए-नए रूप में सामने आ रहा है। ताजा मामला महासमुंद जिले के बसना निवासी वीरू गोयल का है, जिसने फेसबुक के ज़रिए मिली प्रेमिका पर भरोसा कर अपनी भावनाओं के साथ-साथ ₹8 लाख तक लुटा दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरू गोयल की मुलाकात 14 फरवरी 2024 को फेसबुक के माध्यम से “नेहा चौहान” नामक आईडी से हुई, जो बाद में बैंक अकाउंट के आधार पे उषा रानी एक्का सीतापुर क्षेत्र की बताई जा रही है। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध प्रगाढ़ होते गए और कुछ ही महीनों में युवक ने अपनी प्रेमिका पर विश्वास कर करीब ₹8 लाख की आर्थिक मदद ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।
उषा रानी ने स्वयं को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की कर्मचारी बताकर बार-बार विभिन्न कारणों से रकम की मांग की। वीरू गोयल ने प्रेमवश सभी मांगें पूरी कर दीं। लेकिन 16 दिसंबर 2024 को वीरू की गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई और वे कई महीनों तक बेहोश रहे। जब वे जून 2025 में स्वस्थ होकर होश में आए तो उन्होंने प्रेमिका से सहयोग की उम्मीद जताई — परंतु प्रेमिका ने किनारा कर लिया।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित युवक ने 25 जून 2025 को साइबर शाखा में शिकायत दर्ज कराई। जिसका पावती संख्या 32406250021109 है।जांच में यह सामने आया कि तकरीबन ₹40,000 का ट्रांजेक्शन दर्ज़ खातों में पाया गया, जबकि शेष राशि अन्य माध्यमों से भेजी गई थी।
शिकायत के बाद आरोपी महिला 5 जुलाई को उड़ीसा में मिली थी, जहां उसने समझौते में 30 अगस्त 2025 तक ₹7 लाख लौटाने का वादा किया। किंतु समय बीत जाने के बाद भी पीड़ित को आज तक एक रुपया तक वापस नहीं मिला।
अब युवक ने न्याय और अपनी मेहनत की कमाई की वापसी के लिए प्रशासन एवं साइबर शाखा से गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह न केवल आर्थिक रूप से बल्कि भावनात्मक रूप से भी बुरी तरह आहत है।
यह मामला उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है जो सोशल मीडिया पर भावनात्मक जाल में फंसकर अपनी निजी जानकारी और आर्थिक संसाधन साझा कर देते हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








