Search
Close this search box.

अंबिकापुर शहर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने थाना कोतवाली का घेराव कर पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंबिकापुर / अंबिकापुर शहर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में थाना कोतवाली का घेराव कर पुलिस अधीक्षक सरगुजा के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दशहरा पर्व के दिन जब पुलिस प्रशासन पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों का दावा कर रहा था, उसी दिन एक युवती की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसी दिन महामाया मंदिर परिसर में गैंगवार जैसी घटना हुई जिसमें एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। इसके अलावा महिलाओं के चैन स्नेचिंग और चोरी की कई घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि दुर्गा विसर्जन के दौरान असामाजिक तत्वों ने कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किया, लेकिन पुलिस ने उल्टे पीड़ित कांग्रेस नेता पर ही अपराध दर्ज कर दिया।

इस मौके पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने पुलिस अधिकारियों से सवाल किया कि “पुलिस हर बार घटना के बाद सक्रिय होती है, वह समय कब आएगा जब पुलिस की सक्रियता से अपराध होना ही बंद हो?” उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं से शहर की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि “कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस हर मोर्चे पर असफल साबित हो रही है। शहर के लोगों का भरोसा पुलिस पर से उठ चुका है। पुलिस विभाग को नागरिकों में विश्वास बहाली के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।” उन्होंने चेतावनी दी कि “यदि अपराधों की यह श्रृंखला जारी रही तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।”

आज के प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, ब्लॉक कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें