शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती पर कांग्रेस परिवार ने दी श्रद्धांजलि
अम्बिकापुर, 28 सितम्बर 2025। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आज शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 118वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भगत सिंह का पूरा परिवार स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा हुआ था। उनके जन्म के दिन ही आंदोलन के कारण जेल में बंद उनके पिता सरदार किशन सिंह और चाचा सरदार अजीत सिंह की रिहाई हुई थी। मात्र 13 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े और 23 वर्ष की अल्पायु में फाँसी के फंदे को चूमते हुए शहीद हो गये। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में युवाओं को भगत सिंह के विचारों को पढ़ने और आत्मसात करने की आवश्यकता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री जे. पी. श्रीवास्तव ने कहा कि जिस प्रकार भगत सिंह ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध क्रांति की थी, उसी प्रकार आज संवैधानिक संस्थाओं को बचाने और देश को धर्म-जाति के नाम पर बाँटे जाने से रोकने के लिए नई क्रांति की आवश्यकता है।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्री शफी अहमद ने कहा कि भगत सिंह के विचार समाज में आर्थिक और सामाजिक बराबरी की स्थापना के रहे हैं। वर्तमान सरकार प्रतीक के रूप में उनका नाम तो लेती है, परंतु उनके सिद्धांतों के विपरीत कार्य कर रही है। देश में आज करोड़ों लोग सरकारी राशन पर निर्भर हैं, जबकि प्राकृतिक संसाधनों को पूंजीपतियों को सौंपा जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री श्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने उन्हें “क्रांति का देवता” बताते हुए कहा कि कम उम्र में ही उनके क्रांतिकारी विचार और राष्ट्र के प्रति जज्बा उन्हें एक अद्वितीय व्यक्तित्व बनाते हैं।
सभा का संचालन सेवादल जिलाध्यक्ष श्री लोकेश पासवान ने किया तथा आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अम्बिकापुर अध्यक्ष श्री हेमंत सिन्हा ने किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मो. इस्लाम, रामविनय सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, अनिल सिंह, अतुल तिवारी, श्रीमती जेनेबिब कुजूर, लुकस एक्का, अनूप मेहता, जमील खान, नरेंद्र विश्वकर्मा, अमित तिवारी राजा, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निकी खान, सोहन जायसवाल, जीवन यादव, प्रमोद चौधरी, सचिन जायसवाल, अमितेज सिंह, रूबी जैन, अली सोहेल, विनोद कुमार सिंह, विजय बेक, अमित मिंज, बालकेश्वर तिर्की, नूतन एक्का, जमशेर खान, वीरेंद्र सिन्हा सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








