Search
Close this search box.

सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर सरगुजा पुलिस एवं स्कूल प्रशासन की संयुक्त बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

सड़क सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता को लेकर सरगुजा पुलिस एवं स्कूल प्रशासन की संयुक्त बैठक

अम्बिकापुर, दिनांक 20 सितम्बर 2025/
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में आज रक्षित केंद्र अंबिकापुर के सभाकक्ष में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में जिले के विभिन्न स्कूल संस्थानों के प्राचार्यों एवं पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, नशा मुक्ति एवं ऑनलाइन गेम्स की लत से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान को गति देना था।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री ढिल्लों ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों की सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए स्कूल प्रशासन और पुलिस का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी स्कूल संस्थानों को निर्देशित किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चे दोपहिया वाहन लेकर स्कूल न आएं तथा स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी संस्थान समय-समय पर पेरेंट्स मीटिंग आयोजित कर बच्चों एवं अभिभावकों की समस्याओं पर चर्चा करें।

नगर पुलिस अधीक्षक श्री बंसल ने साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए स्कूल प्रमुखों से अपील की कि वे इस जानकारी को छात्रों तक पहुँचाएँ, ताकि विद्यार्थी अपने परिजनों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैला सकें। उन्होंने सभी स्कूलों को निर्देश दिया कि प्रत्येक गेट पर सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की जाए एवं स्कूल परिसर के सामने सड़कों पर अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न न हों।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सरगुजा पुलिस एवं विभिन्न स्कूली संस्थानों के बीच एक साझा व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसके माध्यम से बच्चों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। साथ ही सभी संस्था प्रमुखों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 1930, 1098, 181 एवं 112 की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय केवर्त, जिले के विभिन्न स्कूल संस्थानों के प्राचार्य सहित लगभग 52 अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें