बतौली के स्कूलों में प्रवेश उत्सव धूमधाम से संपन्न, जनप्रतिनिधियों ने किया समस्याओं के समाधान का आश्वासन
बतौली
शनिवार को बतौली के दो प्रमुख विद्यालयों—बालक हायर सेकेंडरी स्कूल और पीएमश्री सेजेस स्कूल—में प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक उपस्थित रहे। दोनों स्कूलों में नववर्ष के प्रवेश विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और लड्डू खिलाकर जोरदार स्वागत किया गया।
इस वर्ष हिंदी माध्यम के बालक हायर सेकेंडरी स्कूल की नवमी कक्षा में 172 छात्रों ने प्रवेश लिया है, और प्रवेश प्रक्रिया अभी भी चालू है। पीएमश्री सेजेस स्कूल में कक्षा एक की प्रवेश प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। उत्सव के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जिसने बच्चों और अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने सभी बच्चों को आशीर्वाद दिया और सरकार की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं की सराहना की। उन्होंने बच्चों को संस्कारवान बनने की प्रेरणा दी। मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने अपने वक्तव्य में बताया कि विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को लैपटॉप, टैबलेट, स्कूटी और मोटरसाइकिल जैसे पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
बतौली पंचायत के उप सरपंच हरी गुप्ता ने स्कूल विकास में सभी के योगदान की आवश्यकता बताते हुए शौचालय मरम्मत का प्रस्ताव रखा, जिसे जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू हरी गुप्ता ने स्वीकृत किया और जनपद निधि से मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया। पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेश्वर पाठक ने बच्चों को संस्कारवान और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी।
मंडल उपाध्यक्ष सूरज यादव व महामंत्री विश्वनाथ यादव ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य हेतु सतत प्रयत्नशील रहने का अनुरोध किया। भाजपा मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता ने बच्चों से माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में वर्तमान एसएमडीसी अध्यक्ष राजेंद्र पैकरा ने विद्यालय की प्रगति के लिए विधायक एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
विशिष्ट अतिथियों में सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह, अनिमेष अग्रवाल, पूनम चंद गुप्ता, सिद्धांत गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष चूड़ामणि दास, संतोष गुप्ता, दीपक गुप्ता, गणेश गुप्ता, मुकेश गुप्ता, नितिन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंतिम चरण में विद्यालय परिसर में पांच पौधे भी रोपे गए।
कार्यक्रम के दौरान बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य सेजेस राजेश गुप्ता ने मंच से जनप्रतिनिधियों को बताया कि स्कूल में एक सभा भवन (असेंबली हॉल), बाउंड्री वॉल तथा कमरों की अधिक आवश्यकता है। बच्चों के लिए नियमित आयोजन के लिए जगह की कमी और सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत बाउंड्री वॉल की जरूरत को उन्होंने प्रमुखता से रखा। इसके अलावा, प्राचार्य श्रीमती प्रसन्ना केरकेट्टा ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति, कमरों की कमी और शौचालय की दुरुस्त व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों से नवीन भवन के लिए पहल करने और सहयोग की अपील की।
सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में विश्वास दिलाया कि बतौली के इस बड़े विद्यालय के उत्थान और आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाएं दोनों उत्कृष्ट हो सकें। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर और उपस्थितजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए किया गया। कार्यक्रम आयोजन में बीईओ शरद चंद्र मेषपाल, शिक्षक उमेश गुप्ता,राकेश गुप्ता,लव गुप्ता, राकेश्वर बंजारे ,अनिल तिवारी,मनीष पाठक,रामसेवक गुप्ता,और कार्यक्रम संचालन सत्येंद्र प्रजापति और संगीत माधुरी की भूमिका रही
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








