सीतापुर / कांवड़ महायात्रा 360 : बनारस से चुरकीपानी तक 12 दिवसीय पदयात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था हुआ रवाना सावन माह के पावन अवसर पर सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से आयोजित कांवड़ महायात्रा 360 में भाग लेने के लिए श्रद्धालुओं का विशाल जत्था आज देर शाम बनारस के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा बीते चार वर्षों से निरंतर क्षेत्र की सुख, समृद्धि, शांति और विकास के लिए की जा रही है।
इस वर्ष भी यह महायात्रा पूरे भक्ति भाव और उत्साह के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों शिवभक्त शामिल हो रहे हैं। कांवड़िए बनारस पहुंचकर 24 जुलाई को पवित्र गंगा जल का उठाव करेंगे और इसके पश्चात 12 दिन की कठिन पैदल यात्रा करते हुए 4 अगस्त को सीतापुर के चुरकीपानी शिव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
इस महायात्रा की एक विशेष बात यह है कि सीतापुर विधायक माननीय श्री रामकुमार टोप्पो जी स्वयं भी इस पदयात्रा में लगातार सहभागी रहते हैं। इस वर्ष भी वे पूरी 12 दिवसीय पदयात्रा श्रद्धालुओं के साथ तय करेंगे। आज रवाना हुए कांवड़ यात्रियों की बसों को स्वयं विधायक श्री टोप्पो जी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा श्रद्धालुओं से भरी बस को काराबेल चौक तक स्वयं चलाकर छोड़ा।
यह कांवड़ महायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा, सहयोग और श्रद्धा की मिसाल भी है। क्षेत्रवासी इस यात्रा को उत्सव के रूप में मनाते हैं और पूरे मार्ग में यात्रियों के लिए सेवा शिविर, भंडारा व विश्राम व्यवस्था करते हैं।
यह यात्रा शिवभक्ति और जनसेवा का अद्भुत संगम बनकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और सौहार्द का संचार कर रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








