Search
Close this search box.

अम्बिकापुर को एक बार फिर राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान, जिला कांग्रेस कमेटी ने स्वच्छता दीदियों को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अम्बिकापुर / स्वच्छता सर्वेक्षण वर्ष 2024 में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर ने एक बार पुनः राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आज जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने देवीगंज SLRM सेंटर पहुंचकर स्वच्छता दीदियों को मिठाई वितरित की और उनका उत्साहवर्धन किया।

 

वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक के सर्वेक्षण अवधि में अम्बिकापुर ने देशभर में 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि की पृष्ठभूमि में नगर निगम में कांग्रेस नेतृत्व की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है, जब डॉ. अजय तिर्की महापौर और कांग्रेस सत्तासीन थी।

 

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने अम्बिकापुरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व और कांग्रेस शासित निकाय की योजनाओं की प्रमाणिकता को पुनः स्थापित करता है।

 

पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा, “इस सम्मान के वास्तविक हकदार शहर के नागरिक हैं। जिस अवधि के लिए यह पुरस्कार मिला, उस समय वर्तमान महापौर मंजूषा भगत विपक्ष की पार्षद थीं, लेकिन अब उसी मंच पर बतौर महापौर मौजूद रहीं। यदि यह सम्मान उन्हें प्रत्यक्ष रूप से मिला होता, तो आदिवासी समाज भी विशेष रूप से गौरवान्वित होता।”

 

पूर्व सभापति श्री अजय अग्रवाल ने शहरवासियों, निगम के अमले और विशेष रूप से स्वच्छता दीदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकाल के स्वच्छता प्रयासों का ही परिणाम है कि आज अम्बिकापुर ‘सुपर स्वच्छता लीग क्लब’ में बना हुआ है। लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में संसाधनों की कमी के कारण शहर की स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है।”

 

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने भी चिंता जताई कि लगातार राष्ट्रीय स्तर पर शहर की पहचान बनाए रखने के लिए ड्रेनेज सिस्टम, एसटीपी और अन्य उच्च स्तरीय नवाचारों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार और ट्रिपल इंजन वाले निगम से लोगों को अपेक्षा थी, परंतु छह माह का अनुभव निराशाजनक रहा है।”

 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा स्वच्छता दीदियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में अनेक कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से श्री हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, सीमा सोनी, विनोद एक्का, मदन जायसवाल, गीता रजक, चंद्रप्रकाश सिंह, सतीश बारी, रजनीश सिंह, निक्की खान, शुभम जायसवाल, अविनाश कुमार, विकास केशरी, विरेंद्र सिन्हा, अमित मिंज आदि

शामिल रहे।

 

 

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें