कांग्रेस नेता अमरजीत भगत की गिरफ्तारी लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा – कांग्रेस ने जताया विरोध, दी आंदोलन की चेतावनी
अंबिकापुर, दिनांक: 09 जुलाई 2025
आज अंबिकापुर से एक बेहद गंभीर और लोकतंत्र को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री अमरजीत भगत को पुलिस ने उस समय हिरासत में ले लिया, जब वे किसानों की खाद और बीज संकट को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने मैनपाट स्थित भाजपा के चिंतन शिविर स्थल की ओर अपने समर्थकों के साथ रवाना हुए थे।
प्रशासन ने श्री भगत और उनके साथ चल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकते हुए जबरन हिरासत में लिया और कमलेश्वरपुर थाना ले जाया गया। हिरासत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने में जमकर नारेबाजी की और इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने मौके पर मीडिया से कहा:
“हम सिर्फ किसानों की पीड़ा सरकार तक पहुँचाने जा रहे थे। लेकिन यह सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। यह कार्यवाही लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है और सीधे-सीधे लोकतंत्र का गला घोंटना है।”
इस घटना के बाद पूरे सरगुजा संभाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन की इस तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि
यदि किसानों की समस्याओं की अनदेखी और कांग्रेस नेताओं पर दमन जारी रहा, तो पार्टी प्रदेशव्यापी जनआंदोलन छेड़ेगी।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी यह स्पष्ट करना चाहती है कि
किसानों, युवाओं, मजदूरों और आम जनता की आवाज उठाना हमारा संवैधानिक और नैतिक कर्तव्य है, और ऐसे किसी भी दमनात्मक कदम के सामने पार्टी झुकेगी नहीं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








