सीतापुर / सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढोंढागांव के मैनी नदी में चार दिन पूर्व हुई दुखद घटना में बाढ़ की चपेट में चार लोग—दो महिलाएं और दो बच्चे—पानी में बह गए। इस घटना के बाद से स्थानीय प्रशासन, पुलिस और ग्रामीणों द्वारा युद्ध स्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है।
सीतापुर के विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने इस घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक श्री टोप्पो ने सरगुजा और जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षकों से फोन पर चर्चा कर इस मामले में वृहद स्तर पर रेस्क्यू टीम तैनात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह नदी सरगुजा और जशपुर जिले से होकर गुजरती है, जिससे बाढ़ में बहे लोग आगे कहीं फंसे हो सकते हैं।
खोज अभियान के दौरान कल एक महिला का शव पत्थरों के बीच से बरामद किया गया। हालांकि, अभी तक एक महिला और दो बच्चों का पता नहीं चल पाया है। विधायक श्री टोप्पो ने इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “हम लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन और ग्रामीणों के साथ मिलकर लगातार काम हो रहा है, और मुझे विश्वास है कि जल्द ही शेष लापता व्यक्तियों को खोज लिया जाएगा।”
सीतापुर पुलिस, केरजू पुलिस, और एसडीआरएफ की टीम ने विधायक जी के निर्देश पर अपने प्रयासों को और तेज कर दिया है। दोनों जिलों की रेस्क्यू टीमों ने व्यापक स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी है। विधायक श्री रामकुमार टोप्पो इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हरसंभव संसाधन इस अभियान में लगाए जाएं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








