Search
Close this search box.

बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजली बिल बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में निकली बाइक रैली, विद्युत कार्यालय का घेराव कर सौंपा ज्ञापन

बतौली। बिजली बिल में कथित बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर योजना के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बतौली द्वारा गुरुवार को जोरदार हल्लाबोल आंदोलन किया गया। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता अमरजीत भगत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर सरकार और विद्युत विभाग की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

बाइक रैली के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विद्युत कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नायब तहसीलदार बतौली के माध्यम से विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। आंदोलन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों के कारण आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर भी उपभोक्ताओं के बीच असमंजस और नाराजगी है। कांग्रेस ने सरकार से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने और उन्हें राहत देने की मांग की।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने बिजली बिल में हुई अनुचित बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना पर रोक लगाने, 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना को पुनः लागू करने तथा बिजली उपभोक्ताओं के साथ कथित अन्याय बंद करने की मांग की।

इसके साथ ही बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत देने तथा बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

जनता से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा : अमरजीत भगत

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत आवश्यकता है। इसे आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हित और अधिकारों की आवाज उठाती रही है और बिजली बिल तथा स्मार्ट मीटर से जुड़े मुद्दों को लेकर भी आगे लगातार संघर्ष जारी रखा जाएगा।

आंदोलन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। बाइक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली उपभोक्ताओं के हित में आवाज बुलंद करते हुए सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें