कोणार्क रेसिडेंस में लाखों की चोरी, एनएच विभाग के सब इंजीनियर के घर से लगभग 20 लाख के जेवरात पार
अंबिकापुर /अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। नेशनल हाईवे विभाग में पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान में घुसकर अज्ञात चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान शनिवार और रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली और अलमारी सहित अन्य स्थानों में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
चोरी के दौरान अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से चोर घर में लगा डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए, जिससे सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध नहीं हो सके।
उल्लेखनीय है कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी इसी कोणार्क रेसिडेंस कॉलोनी में करीब 30 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। उस मामले में भी अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। लगातार दूसरी बड़ी चोरी के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत और पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
पीड़ित सब इंजीनियर रितेश सिंह की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ







