3 से 7 अगस्त तक रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के सहयोग केंद्र में मंत्री सुनेंगे कार्यकर्ताओं की समस्याएं
अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सहयोग केंद्र के माध्यम से 3 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष सहयोग केंद्र संचालित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार के विभिन्न मंत्री प्रतिदिन उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करेंगे।
प्रदेश सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संबंधित मंत्री सहयोग केंद्र में उपस्थित रहेंगे। कार्यकर्ताओं को दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के बाद जारी टोकन के आधार पर क्रमवार समस्याएं सुनी जाएंगी। फोन के माध्यम से पंजीयन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, 4 अगस्त को मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, 5 अगस्त को मंत्री गजेंद्र यादव, 6 अगस्त को मंत्री टंकराम वर्मा तथा 7 अगस्त को मंत्री रामविचार नेताम कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। संबंधित तिथियों में भाजपा संगठन के प्रदेश मंत्री जितेंद्र कुमार वर्मा, ऋतु चौरसिया, शिवनाथ यादव, जयंती पटेल एवं विद्या सिदार भी उपस्थित रहेंगे।
उपासने ने बताया कि इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों को आवश्यक सूचना भेज दी गई है, ताकि मंडल एवं बूथ स्तर तक इसकी जानकारी पहुंच सके और अधिक से अधिक कार्यकर्ता सहयोग केंद्र का लाभ उठा सकें।
प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज द्वारा मंत्रियों की उपस्थिति का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है। सहयोग केंद्र से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए कार्यकर्ता प्रदेश सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने से संपर्क कर सकते हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ






