सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने 12वीं की टॉपर छात्रा रूपा यादव को स्कूटी व लैपटॉप देकर किया सम्मानित
सीतापुर/बतौली, 10 जुलाई। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विधानसभा स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव एवं अलंकरण समारोह में क्षेत्र की मेधावी छात्राओं और छात्रों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बतौली की छात्रा रूपा यादव को स्कूटी एवं लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एमएलए एजुकेशन कोर अकादमी की स्थापना की गई है। इस अकादमी के माध्यम से शिक्षक भर्ती, पीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है तथा भविष्य में यूपीएससी की तैयारी भी शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण अनेक प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित रह जाते हैं। ऐसे विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। विधायक ने घोषणा की कि विधानसभा क्षेत्र में 12वीं बोर्ड परीक्षा में हर वर्ष टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को इसी प्रकार सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।
सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्रा रूपा यादव ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्मान से उसे आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर कलेक्टर बनना है, ताकि समाज की सेवा कर सकें। उन्होंने विधायक की इस पहल को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं प्रतिभा प्रदर्शन की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दीं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








