सीतापुर में अलंकरण समारोह विवादों के घेरे में, जनपद उपाध्यक्ष ने अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल
सीतापुर, 10 जुलाई। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित प्रस्तावित प्रतिभा अलंकरण समारोह को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। समारोह के आयोजन को लेकर जनपद पंचायत सीतापुर के उपाध्यक्ष ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।
उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव और शिक्षा संबंधी कार्यक्रम सामान्यतः विद्यालय, संकुल अथवा विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाते हैं, लेकिन सीतापुर विधानसभा में इसे विधानसभा स्तरीय आयोजन का स्वरूप दिया जा रहा है, जो परंपरागत व्यवस्था से अलग है। उन्होंने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा कि “अधिकारी शिक्षा लेकर अधिकारी बने हैं या फिर बिना समझ के अधिकारीगिरी कर रहे हैं?” उन्होंने इसे प्रशासनिक कार्यशैली का उदाहरण बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई।
जनपद उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि समारोह के आयोजन की जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है, लेकिन जनपद पंचायत की शिक्षा स्थायी समिति के अध्यक्षों को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित नहीं किया गया। उनका कहना है कि इससे जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा हुई है और यही कारण है कि आयोजन विवादों के घेरे में आ गया है।
उन्होंने अधिकारियों को संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने की नसीहत देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं है। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और आयोजन को लेकर विभिन्न पक्षों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं तथा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर उठे सवालों का किस प्रकार जवाब देते हैं।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








