नवगठित शहर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी की पहली बैठक सम्पन्न, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
अम्बिकापुर। शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, मंडल अध्यक्ष एवं नवगठित कार्यकारिणी के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल द्वारा नवगठित 31 सदस्यीय कार्यकारिणी के परिचय से हुई। उदयपुर संकल्प के अनुरूप गठित इस कार्यकारिणी में 1 कोषाध्यक्ष, 6 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 10 सचिव एवं 5 कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। कार्यकारिणी में लगभग 65 प्रतिशत प्रतिनिधित्व अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग को दिया गया है।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं से आती है। उन्होंने प्रत्येक सदस्य को अपने बूथ एवं संबंधित अनुभाग में सूक्ष्मता से कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि प्रत्येक माह कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट के साथ बैठक आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ब्लॉक अध्यक्ष को कार्यकारिणी सदस्यों के प्रभारों का शीघ्र वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में शहरी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी, क्योंकि भाजपा चुनावी रणनीति में प्रशासनिक एवं संगठनात्मक तंत्र का प्रभावी उपयोग करती है।
20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार किसी इमारत की मजबूती उसकी नींव पर निर्भर करती है, उसी प्रकार चुनावी सफलता की नींव मजबूत बूथ संगठन होता है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री जे. पी. श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी चुनाव जीतने के लिए सत्तापक्ष साम, दाम, दंड और भेद जैसी सभी रणनीतियों का उपयोग करेगा। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा।
बैठक में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, मो. इस्लाम, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, जीवन यादव, अमित सिंह, शंकर प्रजापति, गुरूप्रीत सिद्धू, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सतीश बारी, निकी खान, सोहन जायसवाल, मेराज रंगरेज, विकास शर्मा, शशांक चौधरी, पवन सिंह, आलोक गुप्ता, अमित वर्मा, बनाफर केरकेट्टा, रोशन कन्नौजिया, धनमीत छाबड़ा, शंकर लाल सिंह, उपेंद्र विश्वकर्मा, श्रीमती रूबी जैन, श्रीमती शकीला सिद्दकी, विजय बेक, मनोज तिवारी सहित ब्लॉक कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








