Search
Close this search box.

धौरपुर में 4.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का हुआ शिलान्यास एवं भूमि पूजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धौरपुर में 4.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का हुआ शिलान्यास एवं भूमि पूजन

लुण्ड्रा, 12 जून 2026। विकासखंड लुण्ड्रा के अंतर्गत ग्राम पंचायत धौरपुर में 4 करोड़ 49 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य श्री युगल किशोर कुजूर, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात विधायक ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

अपने संबोधन में विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि यह दिन लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलती है और आधुनिक सुविधाओं से युक्त महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि नए भवन में प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे धौरपुर एवं आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने गुरुजनों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने तथा विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, जिला मंत्री श्री वैभव सिंह देव, विधायक प्रतिनिधि श्री जयंत मिंज, मंडल अध्यक्ष श्री संजय गुप्ता (धौरपुर), श्री सतीश जायसवाल (लुण्ड्रा), सरपंच श्री वकील कुजूर, श्री जगत राम, श्री रामनिवास टेकाम, श्री प्रदीप पावले (जनपद सदस्य) सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें