भाजपा मंडल बतौली की मासिक बैठक संपन्न, “12 साल बेमिसाल” महाअभियान का हुआ शुभारंभ
बतौली, 5 जून। भारतीय जनता पार्टी मंडल बतौली की मासिक बैठक शुक्रवार को औघड़ आश्रम परिसर में “12 साल बेमिसाल – विकास के, विश्वास के एवं जनकल्याण के अभियान” के अंतर्गत उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में आगामी 5 जून से 23 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न संगठनात्मक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों के स्वागत उपरांत मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा कार्यकर्ताओं से महाअभियान के अंतर्गत सौंपे गए दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि 5 जून से 23 जून तक आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
बैठक के मुख्य अतिथि एवं भाजपा मंडल बतौली के प्रभारी जन्मजय मिश्रा ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक एवं उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण
महाअभियान की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण के साथ की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि ने सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से कम से कम एक वृक्ष लगाने तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक दायित्व है और वृक्षारोपण से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस अवसर पर महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी, मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता, महामंत्री ललिता तिर्की एवं विश्वनाथ यादव, उपाध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल, सुधा सिंधु महाराज, मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता, राजेंद्र पैकरा, रघुवेश्वर, सरोज गुप्ता, चूड़ामणि दास, विशाल गुप्ता, सत्यनारायण गुप्ता, शिवमंगल यादव, पुरुषोत्तम पैकरा, संकेत पैकरा, प्रदीप मिश्रा, राधेश्वर बेक, संतोष गुप्ता सहित मंडल के सभी मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, सह प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








