Search
Close this search box.

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण बारहवें सत्र 2026 का दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण बारहवें सत्र 2026 का दीक्षांत परेड समारोह सम्पन्न

मैनपाट / पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण बारहवां सत्र 2026 का दीक्षांत परेड समारोह आज दिनांक 25 मई 2026 को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दीपक कुमार झा, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज उपस्थित रहे। उन्होंने प्रातः 09:15 बजे दीक्षांत परेड की सलामी ली तथा नवआरक्षकों के परेड का निरीक्षण किया।

इसके पश्चात सचिन्द्र चौबे द्वारा नवआरक्षकों को शपथ दिलाई गई। दीक्षांत परेड के बाद पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत कर प्रशिक्षण अवधि, संस्था की गतिविधियों एवं नवआरक्षकों के प्रशिक्षण संबंधी जानकारी दी गई।

अपने उद्बोधन में पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने कहा कि आरक्षक पुलिस विभाग का महत्वपूर्ण एवं आधारभूत स्तंभ होता है। वह लगातार आमजन के संपर्क में रहता है, इसलिए उसके व्यवहार एवं कार्यशैली से विभाग की छवि निर्मित होती है। उन्होंने नवआरक्षकों को नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप दक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की सीख देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षकों को मुख्य अतिथि द्वारा नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीक्षांत परेड में प्रदेश के 23 जिलों से कुल 83 नवआरक्षकों ने भाग लिया। इनमें महासमुंद से 03, रायपुर से 20, राजनांदगांव से 07, रायगढ़ से 04, दुर्ग से 06, जशपुर से 04, कोरबा से 03, बालोद से 02, एमसीबी से 02, बिलासपुर से 05, बलरामपुर से 04, सरगुजा से 02, बेमेतरा से 01, धमतरी से 07, सूरजपुर से 01, गरियाबंद से 02, कबीरधाम से 03, बलौदाबाजार से 01, सक्ती से 01, कोरिया से 01, मुंगेली से 01, मोहला-मानपुर से 02 तथा ईओडब्ल्यू रायपुर से 01 नवआरक्षक शामिल रहे।

दीक्षांत परेड का नेतृत्व परेड कमांडर दिलीप खलखो एवं सहायक परेड कमांडर रोहन चन्द्राकर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट द्वारा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, 18वीं वाहिनी मनेन्द्रगढ़ के कमांडेंट संजय शर्मा तथा पीटीएस माना रायपुर के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिंज को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

समारोह में जनप्रतिनिधि, पत्रकार, आम नागरिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता आशीष कच्छप द्वारा किया गया। दीक्षांत परेड समारोह का समापन प्रातः 10:20 बजे हुआ।

Chhattisgarhiya News
Author: Chhattisgarhiya News

सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ

Leave a Comment

और पढ़ें