राजपुर के गिट्टी क्रेशर में बड़ा हादसा, 17 वर्षीय आदिवासी मजदूर की मौत
बलरामपुर / जिले के राजपुर क्षेत्र अंतर्गत भिलाई स्थित एक गिट्टी क्रेशर प्लांट में कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है तथा क्रेशर संचालन में सुरक्षा मानकों और नाबालिग मजदूरों से काम कराए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सिंघल क्रेशर में कार्यरत नाबालिग मजदूर क्रेशर प्लांट के झरना की सफाई कर रहा था। इसी दौरान वहां लगा लगभग डेढ़ क्विंटल वजनी लोहे का कीप अचानक मजदूर के ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आनन-फानन में घायल मजदूर को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के कई क्रेशर प्लांटों में नाबालिग मजदूरों से काम कराया जा रहा है। हादसे के बाद श्रम विभाग, खनिज विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह क्रेशर पूर्व में विजय सिंघल के नाम से संचालित था, जिसे बाद में क्रेशर संघ के जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल को बेच दिया गया था। वर्तमान में मुकेश अग्रवाल अन्य तीन-चार साझेदारों के साथ उक्त क्रेशर का संचालन कर रहे थे।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, नाबालिग मजदूरी पर रोक तथा क्रेशर प्लांटों की व्यापक जांच की मांग की है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








