कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास में छात्रा से मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना का मामला, जांच शुरू
सीतापुर / कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास में कक्षा 12वीं की एक छात्रा के साथ अधीक्षिका द्वारा मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा के पिता ने इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोषी अधीक्षिका के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकासखंड मैनपाट के ग्राम डांगबुड़ा निवासी छात्रा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत है। परीक्षा की तैयारी हेतु वह छात्रावास में रह रही थी। आरोप है कि कुछ दिनों बाद छात्रावास लौटने पर अधीक्षिका गीता बघेल ने छात्रा पर नाराजगी जताते हुए उसे फटकार लगाई तथा वापस घर जाने के लिए कहा। साथ ही छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए उसके साथ मारपीट भी की गई।
घटना से सहमी छात्रा ने पूरी आपबीती अपने परिजनों को बताई। पीड़ित पिता का कहना है कि गांव में अध्ययन का उपयुक्त माहौल नहीं होने के कारण उनकी बेटी छात्रावास में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रही थी, लेकिन इस घटना से वह मानसिक रूप से आहत हो गई है, जिससे उसकी पढ़ाई भी प्रभावित हुई है।
पीड़ित पक्ष ने इस मामले में निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में अन्य छात्राओं के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।
इधर, अधीक्षिका गीता बघेल के विरुद्ध पूर्व में भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी हुए, किंतु अब तक वे पद पर बनी हुई हैं।
मामले में एसडीएम रामसिंह ठाकुर ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








