पर्यटन स्थलों की सुविधाओं को लेकर विधायक रामकुमार टोप्पो ने विधानसभा बजट सत्र में उठाया सवाल
अम्बिकापुर/सीतापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान रामकुमार टोप्पो (विधायक, सीतापुर) ने अपने विधानसभा क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाया। उन्होंने राज्य के पर्यटन मंत्री से सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पर्यटन स्थलों की स्थिति और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक टोप्पो ने प्रश्न के माध्यम से यह जानना चाहा कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉकवार और पंचायतवार कुल कितने पर्यटन स्थल चिन्हित हैं। इसके साथ ही उन्होंने इन पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थलवार एवं बिंदुवार जानकारी भी मांगी।
उन्होंने विशेष रूप से पर्यटन स्थलों पर बैठक व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्थल की घेराबंदी, साफ-सफाई तथा सड़क किनारे यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी मांगी। विधायक ने यह भी पूछा कि इन सुविधाओं की वर्तमान स्थिति क्या है और जहां सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां इन्हें उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा क्या योजना बनाई गई है तथा कब तक इनका क्रियान्वयन किया जाएगा।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि इन प्रश्नों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले सैलानियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। यदि पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित की जाती हैं तो इससे न केवल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे तथा रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








