बतौली में कलेक्टर का सघन निरीक्षण — कस्तूरबा विद्यालय की अधीक्षिका हटाने के निर्देश
शिक्षा, छात्रावास, राशन वितरण और आवास निर्माण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी
बतौली | सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड में शुक्रवार को कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा सघन निरीक्षण कर शिक्षा, छात्रावास एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने भटको स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं से प्रत्यक्ष संवाद कर छात्रावास की व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जिसमें गंभीर खामियां सामने आईं। बालिकाओं से प्राप्त फीडबैक के आधार पर अधीक्षिका को हटाने का निर्णय लिया गया तथा 24 घंटे के भीतर नई अधीक्षिका की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दिए गए। संबंधित प्रतिवेदन जिला परियोजना कार्यालय को प्रेषित किया गया है।
दूरस्थ अंचल करदना से दौरे की शुरुआत
निरीक्षण की शुरुआत दूरस्थ अंचल करदना से हुई, जहां लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन पहाड़ी कोरवा छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने हाई स्कूल करदना, मिडिल एवं प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का आकलन किया। विद्यार्थियों से विषय आधारित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जांच की गई, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया। मध्यान्ह भोजन योजना के अंतर्गत परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाई गई।
विद्यालयों में नवाचार के निर्देश
कलेक्टर ने शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने हेतु निर्देश दिए कि—
प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान सामान्य ज्ञान आधारित प्रश्न पूछे जाएं।
प्रत्येक विद्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी समाचार पत्रों सहित ‘न्यूज डेस्क’ की स्थापना की जाए।
राशन वितरण व्यवस्था में सुधार
करदना स्थित उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान बागपानी गांव के ग्रामीणों ने राशन परिवहन में होने वाली कठिनाइयों की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने बागपानी गांव में ही स्थानीय स्तर पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
पीएम आवास योजना का निरीक्षण
झोझापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात कर निर्माण प्रगति की समीक्षा की गई तथा पेयजल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए।
छात्रावासों में बच्चों से सफाई कार्य नहीं कराने के सख्त निर्देश
कलेक्टर ने बतौली क्षेत्र के सभी छात्रावासों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए कि किसी भी स्थिति में बच्चों से साफ-सफाई का कार्य न कराया जाए। सफाई कार्य केवल नियुक्त कर्मियों द्वारा ही कराया जाएगा। निर्देशों के उल्लंघन पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासनिक स्तर पर इस दौरे को शिक्षा, छात्रावास एवं ग्रामीण विकास योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








