नगर बतौली के लीजा पाल ने क्षेत्र का नाम किया गौरवान्वित
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की व्यवहार न्यायाधीश परीक्षा में चयन, क्षेत्र में हर्ष का माहौल
नवा रायपुर / बतौली | 20 फरवरी 2026 नगर बतौली की होनहार बेटी लीजा पाल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2024 में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे बतौली नगर सहित जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर द्वारा विज्ञापन क्रमांक 04/2024 के तहत विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) के कुल 57 पदों हेतु परीक्षा आयोजित की गई थी।
मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को संपन्न हुई थी, जिसका परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। इसके अंतर्गत कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया गया था। साक्षात्कार प्रक्रिया 10 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई।
लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार अंतिम चयन सूची में नगर बतौली की लीजा पाल का चयन व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) पद हेतु हुआ है।
उल्लेखनीय है कि लीजा पाल, बतौली की पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी पाल एवं स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महेंद्र पाल (निवासी — शांति पारा, बतौली) की सुपुत्री हैं। उनकी इस सफलता के पीछे परिवार का सहयोग, कठिन परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प महत्वपूर्ण रहा है।
उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों द्वारा बधाइयों का तांता लगा हुआ है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी चयन सूची एवं अनुपूरक सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.psc.cg.gov.in� पर अपलोड कर दी गई है।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








