संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को मिली बड़ी सफलता झारखंड का सप्लायर जीजा के साथ 1200 नग नशीला इंजेक्शन सहित गिरफ्तार
अंबिकापुर/बतौली, दिनांक 31 जनवरी 2026 संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा द्वारा नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में टीम को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है, जिसमें झारखंड से नशीले इंजेक्शन की सप्लाई करने वाले सप्लायर को उसके जीजा के साथ गिरफ्तार किया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री रंजीत गुप्ता ने बताया कि दिनांक 30.01.2026 को सायंकालीन गश्त के दौरान आबकारी उड़नदस्ता टीम बतौली की ओर जा रही थी। इस दौरान बेलकोटा बस स्टॉप के पास दो व्यक्तियों को दो बोरियों के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया। टीम द्वारा वाहन रोककर पूछताछ किए जाने पर दोनों व्यक्ति घबरा गए।
पूछताछ में एक व्यक्ति ने अपना नाम अनूप गुप्ता, निवासी गोदरमाना, जिला गढ़वा (झारखंड) तथा दूसरे ने विनय गुप्ता, निवासी पाटोली, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) बताया। दोनों के पास रखे बोरों की तलाशी लेने पर एक बोरी से 600 नग REXOGESIC इंजेक्शन एवं दूसरी बोरी से 600 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए। कुल 1200 नग नशीले इंजेक्शन, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹6,00,000/- है, को जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आज दोनों आरोपियों को माननीय विशेष न्यायालय, अंबिकापुर में प्रस्तुत कर रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।
पूछताछ में आरोपी अनूप गुप्ता ने बताया कि वह झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा का लाभ उठाते हुए गोदरमाना बॉर्डर क्षेत्र में रहकर पूरे सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह गढ़वा से माल लाकर अपने जीजा विनय गुप्ता के यहां ठहरता था और बेलकोटा क्षेत्र में एक ग्राहक को माल सप्लाई करने वाला था।
आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह गढ़वा निवासी रंजीत विश्वकर्मा, मंजूर अंसारी एवं प्रमोद जायसवाल के माध्यम से नशीले इंजेक्शन खरीदता था, जिसमें रंजीत विश्वकर्मा मुख्य डीलर के रूप में सौदे करता था।
गौरतलब है कि संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम की जनवरी 2026 माह में यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई है।
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उप निरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, रमेश दुबे, कुमारु राम, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता एवं नीरज चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Author: Chhattisgarhiya News
सच्ची बात सिर्फ छत्तीसगढ़िया न्यूज़ के साथ








